जोहार छत्तीसगढ़ – जशपुर।
जशपुर जिले से बड़ी दुखद खबर सामने आई है। बीती रात दुलदुला थाना क्षेत्र के पतराटोली के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें आई-20 कार में सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, कार जशपुर की ओर आ रही थी, तभी सड़क किनारे खड़ी ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और भीतर सवार सभी लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतक चराईडाँड़ इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोग व पुलिस मौके पर पहुंचे और शवों को वाहन से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुलदुला भेजा जा रहा है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जाएगी।
दुलदुला थाना प्रभारी के.के. साहू ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों के परिजनों से संपर्क कर पहचान की प्रक्रिया की जा रही है। सभी मृतक एक ही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। स्थानीय क्षेत्र में घटना के बाद माहौल गमगीन है।



