जोहार छत्तीसगढ़-नवागढ़।
मंगलवार की सुबह हमेशा की तरह एक सामान्य दिन थी, लेकिन ग्राम खैरी के लिए वह सुबह डरावना मंजर लेकर आई। स्कूल जाने के लिए निकले मासूम छात्र जब ई-रिक्शा में सवार होकर अपने सपनों की ओर बढ़ रहे थे, तभी तेज रफ्तार से पीछे आ रहे डीजे वाहन ने सारे सपनों को एक झटके में हिला दिया।
ओवरटेक की जल्दबाजी, मासूमों की जिंदगी पर भारी
ई-रिक्शा में सवार नौ छात्र-छात्राएं—जो नवागढ़ के इंडियन पब्लिक स्कूल में पढ़ाई करते हैं—अपनी रोजमर्रा की तरह स्कूल जा रहे थे। तभी एक बेकाबू डीजे वाहन ने ओवरटेक करने की होड़ में ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया और उसमें बैठी चीखती-बिलखती जिंदगी सड़क पर बिखर गई।
घायल छात्र, रोते पालक और दौड़ता गांव
घटना के तुरंत बाद गांव के लोग और पालक दौड़ पड़े। घायल बच्चों को गोद में उठाकर नवागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। बच्चों के नाम हैं। केशव नेताम, आरती यादव, साक्षी यादव, तानिका पाल, सोहित पाल, रिया यादव, अमन नेताम, शिवा नेताम आदि। इनमें से छ: को प्राथमिक उपचार मिला, लेकिन अमन नेताम और रिया यादव को गंभीर चोटें आईं, उनके हाथों की हड्डियां टूट गईं।



