छत्तीसगढ़

3 जून को जिला पं अध्यक्ष सालिक साय का नई दिल्ली में होगा सम्मान,राष्ट्रीय पंचायत अवॉर्ड 2025 के लिए चयन

जोहार छत्तीसगढ़-जशपुर।
जशपुर जिले के लिए गर्व और सम्मान की खबर सामने आई है। जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय का चयन प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पंचायत अवॉर्ड के लिए किया गया है। पंचायत संचालनालय छत्तीसगढ़ द्वारा जारी आदेश के अनुसार आगामी 3 जून 2026 को भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान जशपुर जिले में पंचायत एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों, जनहित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की नई मिसाल कायम करने के लिए दिया जा रहा है। जिला पंचायत अध्यक्ष के रूप में सालिक साय ने गांवों तक विकास की योजनाओं को पहुंचाने, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और पंचायतों को सशक्त बनाने की दिशा में लगातार सक्रिय भूमिका निभाई है। इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए सालिक साय ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए बेहद गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने कहा कि वे ग्रामीण विकास और जनसेवा के कार्यों को आगे भी पूरी निष्ठा, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ जारी रखेंगे। उन्होंने इस सम्मान का श्रेय अपने वरिष्ठजनों, सहयोगियों, कार्यकर्ताओं और जशपुर की जनता को देते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि पूरे जशपुर जिले, यहां की जनता और भाजपा परिवार के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार लगातार ग्रामीण विकास, पंचायत सशक्तिकरण और जनकल्याण की दिशा में ऐतिहासिक कार्य कर रही है, जिसका सकारात्मक प्रभाव गांव-गांव तक दिखाई दे रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर सालिक साय को मिल रहें सम्मान के लिए जशपुर जिला पंचायत सी ई ओ अभिषेक कुमार एवं पूरी टीम को श्रेय दिया है। राष्ट्रीय स्तर पर मिले इस सम्मान से जशपुर जिले में उत्साह का माहौल है। जिलेवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए सालिक साय को बधाई दी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts