रायपुर । छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के जंगल में सुरक्षा बल पर हमले के बाद लापता जवान की तस्वीर सामने आई है। नक्सलियों की ओर से यह दावा किए जाने की ख़बर पिछ्ले रोज सामने आई थी कि लापता जवान राकेश्वर सिंह उनके कब्जे में है। इसके साथ ही जवान की सुरक्षित रिहाई की मांग ने जोर पकड़ा। अब खबर है कि नक्सलियों ने इस जवान की तस्वीर जारी की है। कहा जा रहा है कि जवान राकेश्वर सिंह नक्सलियों के पास सुरक्षित हैं। गौरतलब है कि बीजापुर के जंगल में शनिवार को हुई मुठभेड़ के बाद से कोबरा बटालियन के जवान राकेश्वर सिंह लापता हैं और नक्सलियों के कब्जे में बताए जा रहे हैं। नक्सलियों ने जवान को अपने साथ सुरक्षित रखने का दावा किया है, लेकिन नक्सलियों द्वारा जवान को किसी तरह का नुकसान पहुंचाने की आशंका से घिरे परिवारजन उनकी रिहाई के लिए मार्मिक अपील कर रहे हैं।



