Home छत्तीसगढ़ बीती रात कई घरों के टूटे ताले, चोर अब भी पुलिस पकड़...

बीती रात कई घरों के टूटे ताले, चोर अब भी पुलिस पकड़ से बाहर, डॉग स्क्वाड मौके पर जांच में जुटी

108
0

जोहार छत्तीसगढ़-धरमजयगढ़।
नगर में बढ़ती चोरी की वारदातों ने आमजन की नींद उड़ा दी है। हर बीतती रात के साथ असुरक्षा का भय गहराता जा रहा है और जनआक्रोश भी दिन-ब-दिन तेज होता दिख रहा है। वहीं बीती रात नीचेपारा और कोदवारी पारा क्षेत्र में एक साथ चार अलग-अलग जगह में ताले टूटने की सूचनाएं सामने आई हैं, जिसने शहरवासियों की चिंता और बढ़ा दिया है। बता दें मिली जानकारी के अनुसार, धरमजयगढ़ नीचेपारा निवासी नरेश अग्रवाल कई दिनों से बाहर थे। लौटने पर उनके घर का ताला टूटा मिला। उसी मोहल्ले में दो अन्य घरों के ताले भी तोड़े जाने की बात सामने आई है। चोरों ने घरों में घुसकर अलमारियों में रखे सामान के साथ-साथ बर्तन और अन्य घरेलू सामग्री पर भी हाथ साफ किया। इसी क्रम में कोदवारी पारा निवासी कन्हैया विश्वकर्मा के घर का मुख्य दरवाजा भी टूटा हुआ पाया गया। परिवार कुछ दिनों के लिए विवाह समारोह में बिहार गया हुआ था। लौटने पर घर के भीतर रखी अलमारी से सामान और नगद राशि के गायब होने की जानकारी मिली। पीडि़त द्वारा थाने में लिखित सूचना दी गई। जिसके बाद पुलिस ने डॉग स्क्वाड को मौके पर बुलाकर जांच शुरू कर दी है। बता दें,एक ओर नए पुलिस अधीक्षक के कार्यभार संभालते ही जिले में धरपकड़ तेज होने की खबरें हैं, जो कि पुरे जिले में चर्चा का सराहनीय विषय बन गया है,

वहीं दूसरी ओर धरमजयगढ़ में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। चोरी की एक के बाद एक घटनाओं ने न केवल शहरवासियों को भयभीत किया है, बल्कि स्थानीय पुलिस के लिए भी यह एक बड़ी चुनौती बनकर उभरी है। वहीं स्थानीय नागरिकों का सवाल है, कि आखिर चोर अब तक गिरफ्त से बाहर क्यों ? बीते दिनों डीजल चोरी की घटनाएं आम थी, उसी दौरान घरों में ताले टूटने की शिकायतें भी सामने आती रही। परंतु हालिया चोरियों में भी अब तक न तो कोई ठोस सुराग मिला है और न ही किसी प्रकार की गिरफ्तारी या प्रभावी कार्रवाई हो पाई है।
वहीं नगरवासियों की मांग है कि रात्रि गश्त को सख्त किया जाए, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए और जल्द से जल्द चोरों को पकड़कर शहर में भरोसे का माहौल बहाल किया जाए। ताकि धरमजयगढ़ फिर से शांति माहौल व निडर होकर रात की नींद ले सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here