जोहार छत्तीसगढ़-धरमजयगढ़।
नगर पंचायत धरमजयगढ़ में आज स्मृतियों की दीपशिखा प्रज्वलित हुई, जब भाजपा परिवार ने स्वर्गीय ओमप्रकाश राठिया पूर्व विधायक, पूर्व संसदीय सचिव एवं पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष की 5वीं पुण्यतिथि पर उन्हें कोटि-कोटि नमन अर्पित किया। इस अवसर पर उनके छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उपस्थित जनों ने श्रद्धा,सम्मान और कृतज्ञता के भाव प्रकट किए। वहीं भाजपा मंडल अध्यक्ष भरतलाल साहू ने स्व. राठिया के कार्यशैली और जीवनशैली पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे केवल एक जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि धरमजयगढ़ की जनभावनाओं की जीवंत अभिव्यक्ति थे।

उनका सादा जीवन, स्पष्ट विचार और संगठन के प्रति समर्पण आज भी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि स्व. राठिया का राजनीतिक जीवन सेवा, संघर्ष और सिद्धांतों की मिसाल रहा, जिसे भाजपा कार्यकर्ता सदैव स्मरण रखेंगे। और वहीं सभी ने एक स्वर में स्व. राठिया के योगदान को याद करते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम का वातावरण भावुकता और सम्मान से परिपूर्ण रहा। और स्व. ओमप्रकाश राठिया की स्मृति में अर्पित पुष्प केवल फूल नहीं थे, बल्कि उस विश्वास, संघर्ष और सेवा भावना के प्रतीक थे, जो उन्होंने धरमजयगढ़ और भाजपा संगठन को जीवन भर समर्पित किए। इस श्रद्धांजलि सभा में भाजपा जिला उपाध्यक्ष गोकुल नारायण यादव, भाजपा नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल सरकार, उपाध्यक्ष जगरनाथ यादव, पार्षद विजय यादव, नरेश राठिया, टार्जन भारती सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



