जोहार छत्तीसगढ़-कुसमी।
बलरामपुर जिले के कुसमी विकासखंड अंतर्गत धान खरीदी केंद्र में आज सुबह एक हृदय विदारक हादसा हो गया। धान लेकर मंडी पहुंचे 45 वर्षीय किसान हरिमोहन एक्का निवासी ग्राम कैदली की ट्रैक्टर पलटने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में शोक और आक्रोश दोनों का माहौल है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हरिमोहन एक्का सुबह ही ट्रैक्टर में धान भरकर खरीदी केंद्र पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि केंद्र के भीतर पहुंचने वाला रास्ता बेहद खराब स्थिति में है। चढ़ाई वाले हिस्से पर ट्रैक्टर नियंत्रण खो बैठा और अचानक पीछे की ओर लुढ़कते हुए पलट गया। दुर्भाग्यवश हरिमोहन उसी के नीचे दब गए, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों व किसानों ने आरोप लगाया कि खरीदी केंद्र में करोड़ों रुपए के निर्माण कार्य जारी होने के बावजूद बुनियादी सुविधाएं अब तक दुरुस्त नहीं की गई हैं। धान खरीदी केंद्र तक पहुंचने वाली सड़क कच्ची और असमतल है। किसानों का कहना है कि यदि सड़क सुगम और सीमेंट-कांक्रीट की होती तो यह हादसा टल सकता था। इस घटना के बाद प्रशासनिक अमले पर भी सवाल उठने लगे हैं। किसानों ने पूछा, आखिर जिम्मेदार कौन है? खराब प्रबंधन, अधूरे निर्माण और सड़क व्यवस्था की लापरवाही को इस हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा। रिपोर्ट के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना ने क्षेत्र में धान खरीदी केंद्रों की सुरक्षा, व्यवस्था और बुनियादी ढांचे पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों व किसानों ने प्रशासन से तत्काल सड़क सुधार और खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने की मांग की है।



