जोहार छत्तीसगढ़-बेमेतरा।
वीर बलिदानी राजा गुरु बालकदास की जयंती पर सतनामी समाज जिला बेमेतरा द्वारा इस वर्ष भव्य और ऐतिहासिक आयोजन की तैयारी की गई है। समाज के पदाधिकारियों के अनुसार यह कार्यक्रम न केवल गुरु बालकदास के त्याग, बलिदान और आदर्शों को स्मरण कराने का माध्यम होगा, बल्कि समाज में सेवा और एकता का संदेश भी देगा।
29 अगस्त को रक्तदान शिविर
कार्यक्रमों की शुरुआत शुक्रवार 29 अगस्त को होगी। इस दिन जिला चिकित्सालय परिसर, बेमेतरा में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में समाज के युवाओं सहित बड़ी संख्या में लोग रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश देंगे। आयोजन समिति ने बताया कि रक्तदान जैसे पवित्र कार्य से कई जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान मिलेगा।
30 अगस्त को विशाल शोभायात्रा
शनिवार 30 अगस्त को कोबिया चौक बेमेतरा से एक विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें समाजजन, श्रद्धालु और जिले के नागरिक बड़ी संख्या में शामिल होंगे। शोभायात्रा के दौरान समाज के युवाओं और श्रद्धालुओं द्वारा राजा गुरु बालकदास जी के जीवन संघर्ष, त्याग और आदर्शों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। नगर के मुख्य मार्गों से गुजरने वाली इस शोभायात्रा में धार्मिक झांकियां भी सजाई जाएंगी, जो उनके जीवन की गाथा को जीवंत करेंगी।
समाज की अपील
सतनामी समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि गुरु बालकदास के बलिदान ने समाज को नई दिशा और प्रेरणा दी है। उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने जिलेवासियों से इन दोनों कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।



