भोपाल । एक ओर शहर को स्वच्छता में नम्बर एक बनाने के लिए सफाई कर्मचारियों से लेकर जनप्रतिधि भी में जुटे रहे। वहीं दूसरी तरफ नवबहार सब्जी मंडी की कीचड़ और गंदगी खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। आलम यह है कि यहां कीचड़ और गंदगी के बीच सेहतकारी सब्जी बिक रही है। दरअसल, 2 विधानसभा और 3 वार्डों की सीमा में आने के कारण नवबहार सब्जी मंडी का विकास नहीं हो पा रहा है।
सालों इंतजार के बाद गत वर्ष नवबहार सब्जी मंडी के एक हिस्से में सड़क का निर्माण किया गया। यह क्षेत्र विधायक आरिफ मसूद के मध्य विधानसभा क्षेत्र में आता है। वहीं दूसरे हिस्से में कीचड़ और गंदगी परेशानी का सबब बना हुआ है। यह हिस्सा विधायक आरिफ अकील के उत्तर विधानसभा क्षेत्र में आता है। यही नहीं मंडी में तीन वार्ड की सीमाओं के कारण भी कई काम अटके हुए हैं।
अतिक्रमण भी एक बड़ी समस्या
नवबहार सब्जी मंडी में कीचड़ और गंदगी के साथ अतिक्रमण भी एक बड़ी समस्या है। यहां के दुकानदार सड़क पर अतिक्रमण किए रहते हैं। जिसके कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। यही नहीं मंडी से गुरूद्वारे तक जाने वाली सड़क पर तो हमेशा ट्रकों का कब्जा रहता है। एक तो सड़क पर गड्ढ़े और उखड़े पत्थर से चलना मुश्किल होता है, वहीं ट्रकों के कारण लोग परेशान होते रहते हैं।
तीन वार्डों में फंसा विकास
गौरतलब है कि नवबहार सब्जी तीन वार्ड-18,19 और 20 में आती है। इसमें एक हिस्से में बक्फ बोर्ड की दावेदारी के चलते मंडी में तह बाजारी से लेकर विकास व्यवस्था पहले से ही चरमराई हुई है। दुकानों के आवंटन को लेकर भी विवाद बना रहता है। इस मार्ग पर फूल, फल व मौसमी फसल की दुकानें लगती है। यहां थोड़ी-सी बारिश में कीचड़ की स्थिति बन जाती है। जब लोग मंडी में खरीदी के लिए जाते हैं तो गंदगी व कीचड़ का सामना करना पड़ता है। सफाई के अभाव में मंडी गंदगी और कीचड़ के बीच संचालित हो रही है। मंडी पहुंचने वाले लोग सब्जी खरीदने के दौरान या तो गंदगी से दो चार हो रहे हैं।
दुर्गंध और बदहाली का आलम
नव बहार सब्जी मंडी करोंद शिफ्ट होने के बाद यहां फल और सब्जी की फुटकर दुकानें तो लग रही हैं, लेकिन अब भी व्यवस्थाओं के नाम पर यहां कोई सुधार नहीं हुआ है। अब भी लोग एक फुट तक के कीचड़ से होकर खरीदारी करने को मजबूर हैं। लिहाजा बदहाल सड़क, गंदगी और दूषित वातावरण के बीच लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि थोड़ी सी बारिश होने पर मंडी में कीचड़ गंदगी हो जाती है। बारिश न भी हो फिर भी गंदगी की यह समस्या यथावत है। गंदगी के कारण सब्जियों के आसपास मक्खी, मच्छर पनपते हैं। इससे सब्जियां भी दूषित हो रही है। इससे सब्जी खरीदने के लिए ग्राहक भी कतरा रहे हैं।