भोपाल । केंद्रीय मंत्रिमंडल का जल्द ही विस्तार एवं फेरबदल होने जा रहा है। पिछले एक महीने में मप्र, उप्र, कर्नाटक में राजनीतिक गतिरोध खत्म करने के बाद भाजपा संगठन का फोकस केंद्रीय मंत्रिमंडल पर हैं। मप्र कोटे से एक या दो सांसदों को मंत्री बनाया जा सकता है। जबकि एक मंत्री थावरचंद्र गहलोत बाहर हो सकते हैं। नए में कांग्रेस से भाजपा में शामिल होकर राज्यसभा पहुंचे ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम लगभग तय हैं। दूसरा नाम जबलपुर सांसद राकेश सिंह एवं पार्टी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय का भी लिया जा रहा है।
वर्तमान में मोदी मंत्रिमंडल में मप्र से पांच मंत्री हैं। जिसमें राज्यसभा सांसद धर्मेन्द्र प्रधान भी शामिल हैं। प्रधान मूलत: उड़ीसा से हैं, लेकिन वे मप्र से राज्यसभा सांसद हैं। नरेन्द्र सिंह तोमर, थावरचंद्र गहलोत, प्रहलाद पटेल एवं फग्नन सिंह कुलस्ते भी मंत्री हैं। नए मंत्रियों के मप्र से राज्यसभा संासद ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम तय माना जा रहा है। जबलपुर सांसद राकेश सिंह, सीधी सांसद रीति पाठक का नाम भी राज्यमंत्रियों के गिना जा रहा है। जबकि राजनीतिक हलकों में भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को मोदी कैबिनेट में शामिल किए जाने की चर्चा ने जोर पकड़ लिया है। कैलाश मंत्री बनते हैं तो वे खंडवा लोकसभा सीट से उच चुनाव लड़ेंगे। हालांकि मेादी मंत्रिमंडल विस्तार कब होगा यह नहीं है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि जुलाई के मध्य तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने मंत्रिमंडल में फेरबदल एवं विस्तार कर देंगे। जिसमें काफी संख्या में मौजूदा चेहरों को बदलने की तैयारी हैं। सबसे ज्यादा नए मंत्री उप्र से बनेंगे।


