भोपाल/गुना। प्रदेश के गुना शहर मे करीब 22 साल पहले मारपीट करने वाले दो भाइयों को पुलिस ने अब जाकर गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने 22 साल पहले रास्ता रोक कर एक व्यक्ति से मारपीट की थी। पुलिस के रिकॉर्ड में दोनों तब से ही फरार चल रहे थे, ओर उनपर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित हुआ था। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस रिकार्ड के अनुसार जब आरोपी भाईयो ने मारपीट की थी उस समय बड़े भाई की उम्र 38 साल थी, और छोटे की 23 वर्ष। पुलिस का कहना है कि आरोपी घुमंतू जाति से संबंध रखते हैं, जिसके चलते उनके ठिकाने बदलते रहे और वो पुलिस के हतथे नहीं चढ सके। जानकारी के अनुसार घटना साल 1998 में धरनावदा के ग्राम धाननखेड़ी की है। यहां सपेरा जाति के दो भाइयों रमेश सपेरा ( जिसकी अब उम्र 60 साल है ) और बृजेश सपेरा ( जिसकी अब उम्र 45 साल है) पुत्र छुट्टीलाल ने एक व्यक्ति से मारपीट की थी। इस मामले में दोनों के खिलाफ थाना धरनावदा में मारपीट का मामला दर्ज हुआ था। इस मामले में दोनों आरोपी भाइयों के कोर्ट से लगातार फरार होने पर साल 2001 में स्थाई वारंट जारी हुए थे। पुलिस कहना है कि आरोपी सपेरा जाति से हैं, जो एक घुमंतू प्रवृत्ति की जाति होने पर यह लोग अपने ठिकाने बदल-बदल कर अपना काम धंधा करते रहते हैं। इस कारण वह पुलिस के हाथ नही लग पा रहे थे। बीते दिनो इलाके के रुठियाई के पास सपेरा जाति का एक डेरा पुलिस की नजर मे आया। इस डेरे में पुलिस ने जब फरार भाइयों की जानकारी जुटाई तो पुलिस को जानकारी हाथ लगी कि दोनो फरार भाई वर्तमान में अपने मूल गांव बूड़ी बरसत, थाना जामनेर में रह रहे हैं। इसके बाद टीम ने वहां दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।


