जोहार छत्तीसगढ़-कापू।
क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक बड़ी वारदात सामने आई है। कापू के गल्ला व्यापारी संतोष गुप्ता से दिनदहाड़े लूट की घटना को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, व्यापारी अपने एक हेल्फर नन्द किशोर दास के साथ व्यापारिक कार्य कर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि कमोसिनडाड़ घाट के पास कुछ नकाबपोश बदमाशों ने सड़क पर लकड़ी डालकर रास्ता रोक लिया। जैसे ही पिकअप वाहन सवार व्यक्ति लकड़ी हटाने के लिए नीचे उतरा, पहले से घात लगाए बदमाशों ने उसे घेर लिया। बदमाशों के हाथों में कट्टे (देसी पिस्तौल) थे और दहशत फैलाने के लिए एक बदमाश ने हवाई फायरिंग भी की। इसके बाद आरोपियों ने संतोष गुप्ता के पास रखे करीब 60-70 हजार रुपये नगद, एक मोबाइल फोन तथा वाहन की चाबी लूट ली और मौके से फरार हो गए। लेकिन कुछ दूरी पर वाहन की चाभी रास्ते मे गिरी मिली। घटना की सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ और कापू पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया। आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। इस घटना से स्थानीय व्यापारियों में भय का माहौल व्याप्त है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।



