Home मध्य प्रदेश बरकतउल्ला विवि के रजिस्ट्रार ने छात्रों के खिलाफ थाने में की शिकायत

बरकतउल्ला विवि के रजिस्ट्रार ने छात्रों के खिलाफ थाने में की शिकायत

27
0

भोपाल । बरकतउल्ला विश्वविद्यालय (बीयू) के शारीरिक शिक्षा विभाग के छात्रों ने आरोप लगाया है कि दो पूर्व छात्र उन्हें धमकाते हैं और उनसे अनैतिक व असंवैधानिक काम करवाते हैं। छात्रों की इस शिकायत के बाद रजिस्ट्रार एचएस त्रिपाठी ने बागसेवनिया थाने को पत्र लिखकर दोनों छात्रों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा है। छात्रों ने दो पूर्व छात्रों के खिलाफ रजिस्ट्रार डॉ. एचएस त्रिपाठी को लिखित शिकायत की।  रजिस्ट्रार द्वारा थाना प्रभारी बागसेवनिया को भेजे पत्र में कहा गया है कि विवि के शारीरिक शिक्षा विभाग के नियमित छात्रों ने उनसे लिखित शिकायत की है। इसमें कहा गया है कि शारीरिक शिक्षा विभाग के पूर्व छात्र भगवान सिंह राजपूत एवं पंकज भार्गव द्वारा विभाग एवं छात्रावास में रहने वाले छात्रों के साथ मारपीट की जाती है।

साथ ही दबाव डालकर छात्रों से अपने कार्य करवाते हैं। इन पूर्व छात्रों की अनैतिक बात नहीं मानने पर छात्रावास व बाहर रहने वाले छात्रों को गाली-गलौज कर धमकाया जाता है। इन पूर्व छात्रों के कारण यहां पढ़ने वाले छात्र डरे हुए हैं। दोनों पूर्व छात्रों ने इस शिकायत को झूठा और मुद्दों से भटकाने का प्रयास बताया है। रजिस्ट्रार ने इस संबंध में थाना प्रभारी को लिखे पत्र में जांच कर कार्रवाई करने के लिए कहा है। इस बारे में बीयू के रजिस्ट्रार एचएस त्रिपाठी का कहना है ‎कि शारीरिक शिक्षा विभाग के दो छात्रों ने शिकायत की थी कि उन्हें कुछ पूर्व छात्र प्रताड़ित कर रहे हैं। इसे लेकर बागसेवनिया थाने में शिकायत भेजी है। उधर पूर्व छात्र भगवान सिंह राजपूत का कहना है ‎कि हमारे खिलाफ शिकायत झूठी है। हम समय-समय पर विवि की गड़बड़ियां और अनियमितताओं को लेकर आवाज उठाते रहते हैं। इसे लेकर भी विवि प्रशासन हमसे खफा रहता है। यही कारण है कि कुछ छात्रों की शिकायत पर विवि ने थाने में शिकायत की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here