बलौदाबाजार। मोहब्बत ऐसी धड़कन है जो समझाई नहीं जाती। इश्क में हमसफर के साथ छोड़ जाने की आशंका में भी अपना जीना बेमतलब जान पड़ता है और नौबत यहां तक आ जाती है कि भावावेश में बिना कुछ सोचे समझे मौत को गले लगा लिया जाता है। बलौदाबाजार जिले में एक युवती अपने प्रेमी के कोरोना पीडि़त होने से इतनी भावुक हो गई कि उसने फांसी के फंदे पर झूलकर तब जान दे दी जब उसे पता चला कि उसके प्रेमी की हालत गंभीर है। युवती का शव घर में पंखे से झूलता मिला। युवती लगभग एक माह पहले बेमेतरा में अपने पति को छोड़ कर युवक के साथ भागकर बलौदाबाजार आ गई थी। मामला नेवरा थाना क्षेत्र का है। बेमेतरा के ग्राम कठिया की निवासी पूर्णिमा साहू बलौदाबाजार में नेवरा के वार्ड 15 में किराये के मकान में अपने प्रेमी के साथ रह रही थी। उसने साड़ी का फंदा बना कर पंखे से लटक कर अपनी जान दे दी। खबर मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। खिड़की से झांकने पर मालूम हुआ कि युवती का शव पंखे से लगाए गए फंदे पर लटक रहा है। पुलिस ने कोविड टेस्ट के लिए उसका शव भिजवाया है। पुलिस के मुताबिक महिला पूर्णिमा साहू जिस युवक के साथ रह रही थी, वह कुछ दिन पहले ही संक्रमित हुआ है। उसे नेवरा के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उसकी हालत ज्यादा बिग़ड़ने पर रायपुर रेफर कर दिया गया। वह एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है, जहां उसकी हालत गंभीर है। उसका बयान नहीं हो सका है।



