Home मध्य प्रदेश मुंबई की लोकल ट्रेन का आनंद ‎मिल रहा मेमू ट्रेन में

मुंबई की लोकल ट्रेन का आनंद ‎मिल रहा मेमू ट्रेन में

41
0

 भोपाल  । जबलपुर रेल मंडल की पहली मेमू ट्रेन पटरी पर दौडने लगी है। मेमू ट्रेन में पहली बार यात्रा कर रहे यात्रियों को मुंबई की लोकल ट्रेन का आनंद ‎मिल रहा है। ट्रेन को मंडल की सीमा में आने वाले बीना से कटनी रेलवे स्टेशन के बीच चलाया गया। यह ट्रेन अपने निर्धारित समय सुबह 9 बजे बीना रेलवे स्टेशन से रवाना हुई। पहली ट्रेन के पहले फेरे का सफर 120 यात्रियों के साथ शुरू हुआ। इन यात्रियों ने खुशी-खुशी अपनी यात्रा कर साफ-सुथरी और तेज रफ्तार दौड़ती मेमू ट्रेन का सफर यादगार बना लिया। इस ट्रेन के चलते ही अब जबलपुर के यात्रियों को इंतजार भी बढ़ गया है। लोगों ने मांग की है कि इस ट्रेन को जबलपुर से कटनी और जबलपुर से नरसिंहपुर के बीच चलाया जाए। मंगलवार को सुबह 9 बजे मेमू ट्रेन नंबर 06621 को बीना स्टेशन से ग्रीन सिग्नल मिलते ही यह कटनी मुड़वारा रेलवे स्टेशन के लिए रवाना हुई। आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस मेमू ट्रेन में बीना से अनेक यात्री सवार हुए। इस ट्रेन में सर्वाधिक 34 यात्री खुरई रेलवे स्टेशन से, 19 यात्री सागर से एवं दमोह से 6 यात्रियों ने सफर किया मंडल के 30 स्टेशनों में रुकी। दोपहर तीन बजे कटनी मुड़वारा रेलवे स्टेशन पहुंची। यहां पहुंचने वाले यात्रियों ने इससे ट्रेन की रफ्तार, स्वच्छता तथा समय बद्धता की तारीफ करते हुए इसे क्षेत्र में एक किफायती तथा बहुत ही उपयोगी ट्रेन बताया। यह मेमू ट्रेन कटनी मुड़वारा में रुकने के बाद शाम 5 बजे वापस बीना के लिए रवाना हो गई। इस संबंध में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक विश्वरंजन ने बताया कि यह मेमू ट्रेन मंडल के लिए एक बहुत ही उपयोगी तथा सुविधाजनक ट्रेन साबित होगी । उन्होंने स्टेशन पर आने जाने वाले यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे बिना मास्क एवं उचित टिकट के बिना स्टेशन परिसर में प्रवेश ना करें अन्यथा ऐसा करते पाए जाने पर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने रेल यात्रियों से अनुरोध किया है कि कोविड-19 के प्रोटोकाल का पालन करते हुए मास्क पहनकर तथा समुचित दूरी बनाकर इस ट्रेनो में सफर करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here