जोहार छत्तीसगढ़ – धरमजयगढ़।
जनपद पंचायत धरमजयगढ़ में एक अहम राजनीतिक घटनाक्रम के तहत सभापति पद का चुनाव निर्विरोध संपन्न हुआ। इस चुनाव में सर्वसम्मति से जनपद पंचायत का सभापति चुना गया। निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही और किसी भी तरह की आपत्ति या विरोध सामने नहीं आया। सभापति चयन के साथ ही पंचायत की विभिन्न स्थायी समितियों का गठन भी कर लिया गया है। जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में समितियों के सभापति और सदस्यों का चयन सहमति से किया गया, जो पंचायती कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करने में अहम भूमिका निभाएंगे। सामान्य प्रशासन स्थायी समिति में लीनव राठिया को सभापति बनाया गया है, जबकि शिशुपाल गुप्ता, जनक राम राठिया, कांति राठिया और देवन्ती राठिया को सदस्य नियुक्त किया गया है। शिक्षा स्थायी समिति की कमान शिशुपाल गुप्ता को सौंपी गई है। इस समिति में शोभा राम राठिया, मोहन सिंह ठाकुर, असन्ति भानू टण्डन और दुर्गावती सिंह ठाकुर सदस्य के रूप में शामिल किए गए हैं। कृषि स्थायी समिति का नेतृत्व अब जनक राम राठिया के हाथों में होगा। उनके साथ जयद्रथ राठिया, मदन राठिया, विनय कुमार शर्मा और मैनाबाई राठिया को सदस्य के रूप में जिम्मेदारी दी गई है। संचार तथा संकर्म स्थायी समिति में कांति राठिया को सभापति पद मिला है। इस समिति में विनय कुमार शर्मा, दुहनी बैगा, मैना बाई और देवन्ती राठिया को बतौर सदस्य शामिल किया गया है। वहीं सहकारिता तथा उद्योग स्थायी समिति की कमान देवन्ती राठिया को मिली है। इस समिति में असन्ति भानू टण्डन, मदन राठिया, दुहनी बैगा और मोहन सिंह ठाकुर को सदस्य बनाया गया है। सभापति निर्वाचित होने के बाद लीनव राठिया ने कहा कि वे सभी सदस्यों के सहयोग से पंचायत के विकास और पारदर्शिता को प्राथमिकता देंगी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी प्राथमिकता रहेगी। जनपद पंचायत में शांति और सौहार्द के माहौल में निर्विरोध चुनाव और समितियों के गठन को लेकर क्षेत्र में सकारात्मक माहौल देखने को मिला है। स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त सभापति एवं समिति सदस्यों को बधाई दी है और उनके कार्यकाल में विकास की नई राहें खुलने की उम्मीद जताई है।