भोपाल । राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया लंबे समय बाद मालवा क्षेत्र का दौरा करेंगे। उन्होंने फरवरी में इंदौर का दौरा किया था, लेकिन उनका यह दौरा सीमित था। इस बार सिंधिया के दौरे को विस्तृत बनाया जा रहा है। इस दौरान वे भाजपा नेताओं से मुलाकात तो करेंगे ही, वहीं पिछले दिनों जो लोग दिवंगत हो गए थे, उनके परिवार में शोक संवेदना भी प्रकट करने जाएंगे। 6 जुलाई को इंदौर के भाजपा कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिलने का कार्यक्रम भी तैयार किया जा रहा है।
इसके पहले सिंधिया 9 फरवरी को इंदौर गए थे और एमपीसीए की साधारण सभा के साथ नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा की बैठक में शामिल हुए थे। इसके बाद वे कई बार भोपाल और ग्वालियर आए, लेकिन लंबे समय बाद उनका मालवा दौरा तय हुआ है।
निगम-मंडलों में नियुक्तियों से पहले दौरा अहम
प्रदेश सरकार के निगम-मंडलों में होने वाली नियुक्तियों के पहले सिंधिया का ये दौरा अहम माना जा रहा है। अभी तक तय कार्यक्रम के मुताबिक सिंधिया 4 जुलाई को उदयपुर से सीधे नीमच आएंगे और वहां स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होने के बाद रात मंदसौर में रुकेंगे। मंदसौर में 5 जुलाई को उनके कार्यक्रम रहेंगे और इसी दिन वे धार तथा रतलाम भी पहुंचेंगे। यहां से वे इंदौर आ जाएंगे और रात्रि विश्राम यहीं करेंगे। 6 जुलाई की सुबह वे पहले उज्जैन और उसके बाद देवास जाएंगे। देवास से आने के बाद वे इंदौर में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे। इसी बीच वे भाजपा कार्यालय भी जा सकते हैं। 6 जुलाई की रात भी वे यहीं रुकेंगे और दूसरे दिन सुबह इंदौर से रवाना होंगे। हालांकि विस्तृत दौरा तैयार नहीं हुआ है। पिछले दिनों दिवंगत हुए वरिष्ठ नेताओं और प्रबुद्धजनों के परिवारों में सिंधिया शोक संवेदना व्यक्त करने भी पहुंचेंगे। 5 महीने बाद इंदौर आ रहे सिंधिया के स्वागत की तैयारियां उनके समर्थकों ने की हैं। हालांकि कोरोना गाइड लाइन के चलते बड़े आयोजन नहीं रखे जाएंगे।


